नई दिल्ली: बंगाल की खाड़ी में गहरा निम्न दबाव मजबूत होकर चक्रवात ‘आकवान’ में बदल गया है। यह लगातार ताकतवर होते हुए उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) चक्रवात की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों में यह चक्रवात और ताकतवर होकर पहले तीव्र चक्रवात और फिर अत्यंत तीव्र चक्रवात में बदल सकता है। इसके शुक्रवार यानी 20 नवंबर की दोपहर आंध्र प्रदेश के तट पर लैंडफॉल करने की आशंका है।
नेल्लोर और टूनी शहरों के बीच तटीय इलाके में चक्रवात के टकराने की संभावना जताई गई है। इसके प्रभाव से समुद्र में पहले ही 60 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं।
लैंडफॉल के समय हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की आशंका है।
‘आकवान’ नाम ईरान ने प्रस्तावित किया है। यह फारसी शब्द है। फारसी कवि फिरदौसी के महाकाव्य ‘शाहनामा’ में वर्णित राक्षसी पात्र आकवान दिव के नाम पर चक्रवात का नामकरण किया गया है।
चक्रवात का असर आंध्र प्रदेश के साथ ओडिशा के तट पर भी पड़ने की संभावना है। पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में भी बाद के दिनों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम तथा हावड़ा के कुछ हिस्सों में गुरुवार से मूसलाधार बारिश हो सकती है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना है।
कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के अन्य इलाकों में भी बिजली चमकने के साथ छिटपुट बारिश का अनुमान है। बारिश का असर शनिवार तक बना रह सकता है। हालांकि, उत्तर बंगाल में चक्रवात का खास प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं जताई गई है।