गुवाहाटी, 18 नवंबर: असम सरकार दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट नहीं पहनने वालों के खिलाफ और सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने चेतावनी दी है कि बार-बार नियम तोड़ने वाले चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन का पंजीयन रद्द किया जा सकता है।

मंगलवार रात सोशल मीडिया पर जारी संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने को अब केवल जुर्माना भरने योग्य सामान्य नियम उल्लंघन नहीं माना जाएगा। उन्होंने चालकों से अपील की कि वे हेलमेट को पुलिस के जुर्माने से बचने का उपाय नहीं, बल्कि दुर्घटना के समय जान बचाने वाला जरूरी सुरक्षा उपकरण समझें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दोपहिया वाहन हादसों में जान गंवाने वाले लोगों में 60.1 प्रतिशत ने हेलमेट नहीं पहना था।

उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा हेलमेट के इस्तेमाल की जरूरत को फिर से स्पष्ट करता है। मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि केवल चालक ही नहीं, पीछे बैठने वाले यात्री के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है।

हेलमेट संबंधी नियम को सख्ती से लागू करने के लिए यातायात कानूनों को लागू कराने वाले विभागों और एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बार-बार उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माने के अलावा ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन का पंजीयन रद्द करने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।

उन्होंने बताया कि बुधवार से राज्यभर में यातायात कानून के उल्लंघन के खिलाफ शुरू किया गया अभियान केवल शुरुआत है। यह अभियान आगे भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में जारी रहेगा और इसकी प्रगति की वह खुद निगरानी करेंगे। सरकार ने दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को रोकने के उद्देश्य से यह सख्त रुख अपनाया है।