गुवाहाटी, 19 नवंबर: गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) में पहली बार सफल लिवर ट्रांसप्लांट के बाद 25 दिन तक निगरानी में रखे गए दाता और ग्रहीता को गुरुवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। असम के स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल ने जीएमसीएच में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान यह जानकारी दी।
पिछले अक्टूबर में करीब 16 घंटे तक चले जटिल ऑपरेशन में बेहरबारी के 48 वर्षीय भगत सिंह के शरीर में उनकी छोटी बहन द्वारा दान किए गए लिवर का एक हिस्सा प्रत्यारोपित किया गया था।
इस ऑपरेशन में तमिलनाडु के डॉ. सेंथिल कुमार, अहमदाबाद के डॉ. धर्मेंद्र और दिल्ली की डॉ. श्वेता सिंह के साथ जीएमसीएच के डॉक्टर और स्थानीय सहायक दल शामिल था।
स्वास्थ्य मंत्री ने ऑपरेशन में सहयोग करने वाले विशेषज्ञ डॉक्टरों के दल का आभार जताया। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ जीएमसीएच के स्थानीय डॉक्टरों को इस जटिल उपचार प्रक्रिया का प्रशिक्षण भी दे रहे हैं।
सिंघल ने उम्मीद जताई कि अगले 3 से 4 महीने में जीएमसीएच के डॉक्टर भी अपने स्तर पर इस तरह के जटिल ऑपरेशन कर सकेंगे। उन्होंने गोलाघाट, जोरहाट और नगांव के अस्पतालों के निरीक्षण के दौरान डॉक्टरों द्वारा ऑपरेशन करने में डर लगने की बात कहे जाने का भी उल्लेख किया।