इम्फाल, 19 नवंबर: मणिपुर के पूर्वी इम्फाल जिले के लामलाई चालौ में सेना का वाहन इताम नदी में गिरने से मृतकों की संख्या बढ़कर 2 हो गई है। घायल सिपाही माली जयेश हिम्मत ने गुरुवार को अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
यह हादसा बुधवार, 18 नवंबर को दोपहर करीब 2 बजे हुआ था। 8वीं बिहार रेजिमेंट के जवानों को ले जा रहा सेना का वाहन नियंत्रण खोकर नदी में गिर गया था।
हादसे में 29 वर्षीय कैप्टन हनुमान राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी।
24 वर्षीय सिपाही माली जयेश हिम्मत भी गंभीर रूप से घायल थे और इम्फाल के बबीना अस्पताल में भर्ती थे। गुरुवार को उनकी मौत के बाद हादसे में जान गंवाने वाले जवानों की संख्या 2 हो गई।
37 वर्षीय सिपाही राकेश चारपाते और 19 वर्षीय अग्निवीर अखिलेश कुमार शाह का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह और राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने इम्फाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कैप्टन हनुमान राम और सिपाही माली जयेश हिम्मत को अंतिम श्रद्धांजलि दी।