माजुली, 19 नवंबर: रास महोत्सव में अब सिर्फ 3 दिन बाकी हैं और सत्र नगरी माजुली में तैयारियां तेज हो गई हैं। खोल-ताल, बरगीत और बांसुरी की धुनों से नदी द्वीप का माहौल कृष्ण भक्ति में डूबा है।
इस वर्ष माजुली में 23 से 26 नवंबर तक रास महोत्सव मनाया जाएगा। मुख्य रास पूर्णिमा 24 नवंबर को है। जिला प्रशासन ने 25 नवंबर, बुधवार को जिले में स्थानीय अवकाश घोषित किया है।
महोत्सव के लिए करीब 65 अस्थायी रंगमंचों और 12 सत्रों में आयोजन की तैयारी चल रही है। कलाकार, भक्त और आयोजक रिहर्सल, मंच सज्जा तथा अन्य व्यवस्थाओं में जुटे हैं। श्रीकृष्ण जन्म, शंखचूड़, अघासुर और बकासुर वध जैसी लीलाओं का अभ्यास किया जा रहा है।
भकत चापरी के शंकर-माधव कृष्टि विकास केंद्र में 23 और 24 नवंबर को दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत श्रीकृष्ण की संपूर्ण रासलीला प्रस्तुत की जाएगी।
रास महोत्सव में सत्रीय परंपरा और मुखौटा कला विशेष आकर्षण होंगे। नतून चामगुड़ी सत्र के कलाकार असुरों और पौराणिक पात्रों के पारंपरिक मुखौटे बनाने में व्यस्त हैं। दक्षिणपाट, गड़मूर, आउनीआटी, उत्तर कमलाबारी और नतून कमलाबारी समेत अन्य सत्रों में भी पारंपरिक रीति से रासलीला होगी।
देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के स्वागत की भी तैयारी की जा रही है। सत्रों के साथ स्थानीय परिवारों और होमस्टे में मेहमानों के ठहरने व स्वागत की व्यवस्था की जा रही है।