एर्नाकुलम, 19 नवंबर: केरल की विशेष सीबीआई अदालत ने 2012 के अरियिल अब्दुल शुकूर हत्या मामले में सीपीआई(एम) के 13 सदस्यों को दोषी करार दिया है। अदालत ने 18 अन्य आरोपितों को बरी कर दिया, जिनमें सीपीआई(एम) के वरिष्ठ नेता पी जयराजन और टी वी राजेश शामिल हैं।
जयराजन और राजेश पर हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप था। जयराजन सीपीआई(एम) की राज्य समिति के सदस्य और कन्नूर जिला सचिव रह चुके हैं। राजेश कलियास्सेरी के पूर्व विधायक हैं।
मामले में कुल 33 आरोपित थे। मुकदमे के दौरान दो आरोपितों की मौत हो गई थी।
अरियिल अब्दुल शुकूर की 20 फरवरी 2012 को कन्नूर जिले के कन्नापुरम के पास हमलावरों ने धारदार हथियारों से हत्या कर दी थी। वह इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग की छात्र इकाई मुस्लिम स्टूडेंट्स फेडरेशन से जुड़े थे।
अभियोजन पक्ष का आरोप था कि जयराजन और राजेश को ले जा रहे वाहन पर आईयूएमएल कार्यकर्ताओं के कथित हमले के बदले में शुकूर को निशाना बनाया गया। अभियोजन के अनुसार, तालिपरम्बा के एक सहकारी अस्पताल के कमरे में जयराजन और राजेश की मौजूदगी में शुकूर की हत्या की साजिश रची गई थी।