नई दिल्ली, 20 नवंबर: नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने लगातार उड़ानें रद्द होने, उड़ानों में देरी और विभिन्न परिचालन संबंधी खामियों को लेकर स्पाइसजेट को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। 17 नवंबर को जारी इस नोटिस का जवाब एयरलाइन को 7 दिन के भीतर देना होगा।

DGCA ने स्पाइसजेट के उड़ान परिचालन में गिरावट, समय पर उड़ान भरने की दर में कमी, देरी और लगातार बढ़ रहे उड़ान रद्द होने के मामलों पर चिंता जताई है। नियामक ने आरोप लगाया है कि एयरलाइन स्वीकृत उड़ान कार्यक्रम का पालन करने में विफल रही, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हुई।

नोटिस में कहा गया है कि उड़ानों में देरी और रद्द होने के अलावा यात्रियों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने में भी कमियां पाई गई हैं। DGCA के अनुसार, स्पाइसजेट के अधिकांश विमान फिलहाल उड़ान भरने योग्य नहीं हैं और उन्हें दोबारा सेवा में लगाने के लिए एयरलाइन ने कोई भरोसेमंद योजना भी पेश नहीं की है।

नोटिस में अनिवार्य बीमा के नवीनीकरण को लेकर अनिश्चितता, सेवा देने वाली कंपनियों को समय पर भुगतान नहीं करने और इससे विदेशी विमानन प्राधिकरणों की चिंताओं का भी उल्लेख है। DGCA ने पहले लगाए गए जुर्माने की रकम बार-बार याद दिलाने के बावजूद जमा नहीं करने का कारण भी पूछा है।

स्पाइसजेट पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित करने के लिए जरूरी पात्रता शर्तें पूरी नहीं करने और रूट डिस्पर्सल गाइडलाइंस (RDG) का उल्लंघन करने के आरोप भी लगे हैं। नोटिस के अनुसार, इस मामले में पहले भी कार्रवाई की जा चुकी है और मई में जुर्माना लगाया गया था।

इस बीच, स्पाइसजेट के बोर्ड ने 18 नवंबर को वित्तीय स्थिति मजबूत करने के लिए अधिकतम 5,500 करोड़ रुपये जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। एयरलाइन की बाजार हिस्सेदारी अगस्त के 1.2 प्रतिशत से घटकर सितंबर में 0.6 प्रतिशत रह गई।

शुक्रवार को दिल्ली एयरपोर्ट का संचालन करने वाली कंपनी DIAL ने सोशल मीडिया पर कहा कि स्पाइसजेट की परिचालन समस्याओं के कारण लगातार दूसरे दिन भी कुछ उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। DGCA के नोटिस पर स्पाइसजेट की ओर से तत्काल कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।