गुवाहाटी, 19 नवंबर: नई दिल्ली में आयोजित असम सरकार की कैबिनेट बैठक में मोरान और मटक स्वायत्तशासी परिषदों के चुनाव, नए नगर निकायों के गठन, भूमि आवंटन और मिशन बसुंधरा से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए।

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई बैठक में तय किया गया कि मोरान और मटक स्वायत्तशासी परिषदों के चुनाव की तारीख आगामी दिसंबर तक घोषित की जाएगी।

नए नगर निकायों को मंजूरी

कैबिनेट ने लखीमपुर जिले के घिलामारा, लालुक और हरमती में नए नगर निकाय गठित करने का फैसला किया है। इसके अलावा माजुली में भी नया नगर निकाय बनाया जाएगा।

कछार जिले के उदारबंद तथा कामरूप जिले के मिर्जा-बिजयनगर में भी नए नगर निकायों के गठन को मंजूरी दी गई है।

मिशन बसुंधरा के तहत बदलाव

कैबिनेट ने शहरी क्षेत्रों की सीमा घटाकर 1 किलोमीटर करने का निर्णय लिया है। नगर की सीमा से 1 किलोमीटर के दायरे में आने वाले क्षेत्रों को शहरी माना जाएगा।

टाउन कमेटी के मास्टर प्लान में शामिल होने के आधार पर अब पूरे क्षेत्र को शहरी नहीं माना जाएगा। अर्बन मास्टर प्लान में शामिल बाकी हिस्सों को गांव माना जाएगा। हालांकि, यह फैसला कामरूप और कामरूप महानगर जिलों में लागू नहीं होगा।

बैठक में गोसाईगांव कृषि अनुसंधान केंद्र के लिए भूमि आवंटित करने का भी फैसला लिया गया। वहीं, मिसा क्षेत्र में सेना के लिए 75 बीघा भूमि आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।