गुवाहाटी, 19 नवंबर: असम प्रदेश कांग्रेस ने 30 नवंबर को होने वाले मिसिंग स्वायत्तशासी परिषद (एमएसी) चुनाव से पहले हिंसा, हमले और धमकी के आरोप लगाए हैं। पार्टी ने गुरुवार को राज्य निर्वाचन आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई द्वारा गठित चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने गुवाहाटी में राज्य निर्वाचन आयुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रिपुन बोरा, पूर्व सांसद बलिन कुली और अब्दुल खालेक तथा प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारिणी सदस्य गुणकांत गोगोई शामिल थे।
कांग्रेस ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि 14 नवंबर को माजुली जिले के 1 नंबर बनरिया चापोरी में चुनाव प्रचार के दौरान टीएमपीके और गणशक्ति के कार्यकर्ताओं के हमले में कई लोग घायल हुए। पार्टी के अनुसार, इस घटना में दो दोपहिया और एक चारपहिया वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि उसी दिन शाम को धेमाजी जिले के जियाढल निर्वाचन क्षेत्र में गणशक्ति के कार्यकर्ताओं के हमले में प्रांजल पायेंग और राहुल नरह गंभीर रूप से घायल हुए।
ज्ञापन में 17 नवंबर को टीएमपीके के एक दल द्वारा मिंगमांग निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार मिल्टन पेगू पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया गया है। कांग्रेस के मुताबिक, 18 नवंबर को सुबह करीब 8 बजे 4 नंबर दे-बिंग-दे-टाक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार जितुमणि पातिर के चुनाव एजेंट जयनाथ दले की टीएमपीके समर्थकों ने पिटाई की।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि टीएमपीके, गणशक्ति और भाजपा समर्थक एमएसी के अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों में अन्य उम्मीदवारों को धमका रहे हैं और उनके चुनाव प्रचार में बाधा डाल रहे हैं। पार्टी ने कहा कि पिछले एमएसी चुनाव में भी हिंसा और आतंक का माहौल बनाकर बड़े पैमाने पर रिगिंग की गई थी।
प्रदेश कांग्रेस ने धेमाजी, लखीमपुर और माजुली जिलों के निर्वाचन क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस की नियमित गश्त बढ़ाने तथा मतदान के दिन संवेदनशील मतदान केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कथित हिंसक घटनाओं की जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की भी मांग की।