दिल्ली की साकेत कोर्ट ने ओलंपिक पदक विजेता और प्रसिद्ध बॉक्सर मैरी कॉम के खिलाफ उनके पूर्व पति केरंग अनलार की ओर से दायर आपराधिक मानहानि मामले में नोटिस जारी किया है। मामले की अगली सुनवाई 21 दिसंबर को होगी।
शुक्रवार को कोर्ट में केरंग अनलार और अन्य गवाहों ने अपने बयान दर्ज कराए। अनलार का आरोप है कि मैरी कॉम ने टीवी कार्यक्रमों और अन्य सार्वजनिक मंचों पर उनके बारे में अपमानजनक टिप्पणियां कर उनकी छवि को नुकसान पहुंचाया।
इससे पहले मैरी कॉम ने अनलार पर अपने बॉक्सिंग करियर से कमाए करोड़ों रुपये हड़पने का आरोप लगाया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि उनके नाम पर कर्ज लिया गया, संपत्तियां गिरवी रखी गईं और उनकी सहमति के बिना कुछ संपत्तियां अनलार के नाम कर दी गईं।
अनलार इन आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताते रहे हैं। उनका कहना है कि मैरी कॉम उन्हें सार्वजनिक रूप से बदनाम करने की कोशिश कर रही हैं। अनलार ने कहा कि उन्होंने कभी मैरी कॉम की निजी कमियों या व्यक्तिगत मामलों को सार्वजनिक नहीं किया।
मैरी कॉम और केरंग अनलार की शादी 2005 में हुई थी और उनके चार बच्चे हैं। लंबे समय से चले आ रहे मतभेदों के बाद 2023 में दोनों का तलाक हो गया था।