मार्घेरिटा, तिनसुकिया: तिनसुकिया जिले के मार्घेरिटा में राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध रूप से चल रहे ई-रिक्शा के खिलाफ पुलिस ने शुक्रवार से सघन अभियान शुरू किया है। मोटर वाहन नियमों का उल्लंघन कर राजमार्ग पर फर्राटा भर रहे कई ई-रिक्शा को पुलिस ने अब तक जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना, सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाना और सरकारी नियमों का कड़ाई से पालन कराना है। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे मार्घेरिटा क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और नियम तोड़ने वाले चालकों में खौफ का माहौल है।
पुलिस प्रशासन ने ई-रिक्शा चालकों को सख्त चेतावनी दी है कि वे राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन न चलाएं और केवल निर्धारित मार्गों पर ही आवाजाही करें, ताकि वे किसी भी कानूनी कार्रवाई और भारी जुर्माने से बच सकें।
इसके साथ ही पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस, कम उम्र के चालकों और बिना बीमा वाले वाहनों के खिलाफ आने वाले दिनों में और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।