शिलचर, 21 नवंबर: कछार जिला कांग्रेस के भीतर 10 कट्ठा जमीन को लेकर चल रहा विवाद अब कानूनी लड़ाई में बदल गया है। कांग्रेस नेता अभिजीत पाल ने पार्टी के ही नेता सज्जल आचार्य के खिलाफ शिलचर सदर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

अभिजीत पाल ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि उन्होंने सज्जल आचार्य के खिलाफ आपराधिक मानहानि का मामला भी दर्ज कराया है। उन्होंने कथित जमीन खरीदार जय कुमार साहा और अधिवक्ता परेश दास को भी जांच के दायरे में लाने की मांग की है।

26 अक्टूबर को सज्जल आचार्य द्वारा जय कुमार साहा नामक व्यक्ति को 10 कट्ठा जमीन बेचने की बात को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हुई थी। मामला प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व तक पहुंचने के बाद अध्यक्ष गौरव गोगोई ने उसी रात सज्जल आचार्य को तलब किया था।

इसके दो दिन बाद, 28 अक्टूबर को सज्जल आचार्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना पक्ष रखा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि अभिजीत पाल से जुड़े जमीन की खरीद-बिक्री के मामले में उन पर आरोप लगाकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।

जमीन के लेनदेन की जानकारी के लिए चार कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिलचर सेटलमेंट कार्यालय में आपत्ति दर्ज कराई थी और दस्तावेजों की जानकारी मांगते हुए आरटीआई आवेदन भी दिया था।

अभिजीत पाल ने दावा किया कि 18 नवंबर को मिले आरटीआई जवाब में जमीन से जुड़े दस्तावेजों पर सज्जल आचार्य के हस्ताक्षर होने की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि पार्टी में लंबे समय से परिचय होने के कारण वह हस्ताक्षरों की पहचान कर सकते हैं।

पाल के अनुसार, 10 कट्ठा जमीन रुपये के बदले हस्तांतरित करने के लिए सज्जल आचार्य ने एनओसी के लिए आवेदन किया था। उन्होंने बताया कि आरटीआई से मिले कई दस्तावेज पुलिस को सौंप दिए गए हैं और वह जांच में सहयोग करेंगे। इस विवाद ने कछार जिला कांग्रेस के भीतर तनाव बढ़ा दिया है।