अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की जीडीपी वृद्धि दर 7 प्रतिशत बताते हुए देश की आर्थिक प्रगति की सराहना की है। उनके इस बयान के बाद देश की राजनीति में भी प्रतिक्रियाएं शुरू हो गई हैं। भाजपा ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को निशाने पर लिया है।
व्हाइट हाउस में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रंप ने भारत के आर्थिक विकास का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत में ब्याज दरें तुलनात्मक रूप से कम होने के कारण देश 7 प्रतिशत की जीडीपी वृद्धि दर हासिल कर सका है।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका में भी ब्याज दरें कम की जाएं तो देश की आर्थिक वृद्धि 14 से 20 प्रतिशत तक हो सकती है।
उन्होंने अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दर नीति की आलोचना करते हुए कहा कि आर्थिक आंकड़े अच्छे होने के बावजूद केंद्रीय बैंक ब्याज दरें बढ़ाता है। उनके मुताबिक, आर्थिक विकास के सकारात्मक आंकड़ों के आधार पर ब्याज दरों में कमी की जानी चाहिए।
ट्रंप के भारत की आर्थिक प्रगति की सराहना करने के बाद भाजपा नेता आशीष सूद ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर राहुल गांधी और कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया भारत के विकास को स्वीकार कर रही है, लेकिन राहुल गांधी और कांग्रेस देश की इस सफलता को नजरअंदाज करते रहे हैं।
ट्रंप की ओर से 7 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि दर को मान्यता मिलना भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा और आर्थिक ताकत को दिखाता है। — आशीष सूद
जुलाई 2025 में ट्रंप ने भारत की व्यापार नीति और रूस के साथ संबंधों की आलोचना करते हुए भारतीय अर्थव्यवस्था को ‘मृत अर्थव्यवस्था’ कहा था। उस समय उन्होंने भारतीय सामानों पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाने की घोषणा भी की थी। हालांकि, अपने ताजा बयान में उन्होंने भारत के आर्थिक विकास की सराहना की है।