असम-अरुणाचल प्रदेश सीमा से सटे बृहत्तर बरजारानी क्षेत्र की अत्यंत दुर्गम खुटियों में गायों और भैंसों को लंपी स्किन डिजीज (एलएसडी) से बचाने के लिए बड़े पैमाने पर टीकाकरण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान करीब 1,150 गायों और भैंसों को टीके लगाए गए।
भौगोलिक रूप से कठिन, यातायात सुविधाओं से वंचित और प्रतिकूल परिस्थितियों वाले इलाकों में पशु चिकित्सा विभाग के कर्मचारी दूरस्थ खुटियों तक पहुंचे। उन्होंने पशुपालकों के पशुधन को बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से टीकाकरण किया।
अभियान का उद्देश्य पशुओं में लंपी स्किन डिजीज के संक्रमण को रोकना, इसके संभावित फैलाव को कम करना और पशुधन के स्वास्थ्य की रक्षा करना है। इससे पशुपालकों की आजीविका और आर्थिक सुरक्षा को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
सीमावर्ती और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले पशुपालकों के लिए नियमित पशु चिकित्सा सेवाएं प्राप्त करना चुनौतीपूर्ण रहता है। पशुपालकों के सहयोग से अभियान सफल रहा। विभाग ने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में पशु स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए उसका प्रयास जारी रहेगा।