गुवाहाटी, 23 नवंबर: असम की महिला एवं बाल विकास मंत्री अजंता नेउग ने घोषणा की है कि राज्य में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का मानदेय जल्द बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि बच्चों की देखभाल और पोषण व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से राज्य में अब तक 10 हजार आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं। इन केंद्रों के जरिए आंगनवाड़ी सेवाओं के ढांचे को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

मंत्री अजंता नेउग ने कहा कि असम में पहली बार आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को सेवानिवृत्ति के बाद एकमुश्त आर्थिक सहायता देने की व्यवस्था भी शुरू की गई है।

यह पहल बच्चों की देखभाल, पोषण तथा मातृ-शिशु कल्याण के क्षेत्र में लंबे समय से सेवाएं दे रहे आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के योगदान को मान्यता देने के लिए की गई है।

हालांकि, मानदेय में कितनी बढ़ोतरी होगी और नई दरें कब से लागू होंगी, इसकी अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।