कछार के जयपुर में एक माह की बच्ची के लापता होने के करीब एक सप्ताह बाद उसके कंकाल के अवशेष घर के पास नदी किनारे मिले हैं। पुलिस ने हत्या के संदेह में बच्ची की मां अनामिका सिंह छेत्री की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, अनामिका करीब एक सप्ताह पहले अपनी एक माह की बेटी के साथ घर से लापता हो गई थीं। उनके साथ उनकी तीन वर्षीय दूसरी बेटी भी थी। उनके पति देवाशीष सिंह छेत्री असम के बाहर काम करते हैं।

पत्नी और दोनों बेटियों का पता नहीं चलने पर देवाशीष के पिता ने उन्हें सूचना दी और जयपुर पुलिस थाने से संपर्क किया। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर अनामिका के मोबाइल फोन की लोकेशन का पता लगाया। मोबाइल लोकेशन के आधार पर उनके ट्रेन से असम के बाहर जाने की आशंका जताई गई है।

पुलिस ने बताया कि देवाशीष ने व्हाट्सऐप के जरिए अनामिका से संपर्क किया था। बातचीत के दौरान अनामिका ने कथित तौर पर उन्हें बताया कि उन्होंने एक माह की बच्ची की हत्या कर उसे घर के नजदीक नदी किनारे फेंक दिया था।

इस जानकारी के बाद परिवार के लोगों ने नदी किनारे तलाश की और बच्ची के कंकाल के अवशेष बरामद किए। पुलिस ने अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए सिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि जंगली जानवरों ने शव के कुछ हिस्से खा लिए, जिसके कारण केवल कंकाल के अवशेष मिले। बच्ची की मौत के वास्तविक कारण और घटना की परिस्थितियों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस जांच जारी है।