असम सरकार ने सोनोवाल कछारी स्वायत्तशासी परिषद और मिसिंग स्वायत्तशासी परिषद के चुनाव के मद्देनजर 30 नवंबर, 2026 को 11 जिलों के अधिसूचित चुनावी क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। यह अवकाश पूरे जिलों में नहीं, बल्कि केवल उन क्षेत्रों में लागू होगा जहां मतदान होना है।

विश्वनाथ, चराइदेव, धेमाजी, डिब्रूगढ़, गोलाघाट, जोरहाट, लखीमपुर, माजुली, शिवसागर, सोनितपुर और तिनसुकिया जिलों के चुनावी क्षेत्रों में अवकाश रहेगा।

इन क्षेत्रों में सरकारी और निजी कार्यालय, शिक्षण संस्थान, बैंक, चाय बागान तथा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। अवकाश पर नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 के प्रावधान भी लागू होंगे।

सोनोवाल कछारी स्वायत्तशासी परिषद की 32 और मिसिंग स्वायत्तशासी परिषद की 40 सीटों समेत कुल 72 सीटों पर मतदान होगा। मतदान 30 नवंबर को सुबह 7:30 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 3 दिसंबर, 2026 को की जाएगी।