नई दिल्ली, 24 नवंबर: नेपाल में मंगलवार सुबह 5.3 तीव्रता का भूकंप आया, जिसके झटके उत्तर बंगाल और सिक्किम के कई हिस्सों में महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, भूकंप सुबह करीब 7 बजकर 2 मिनट पर आया।

उत्तर बंगाल के सिलीगुड़ी, मिरिक और दार्जिलिंग में झटके महसूस किए गए। सिक्किम के गंगटोक और मंगन में भी लोगों ने कंपन महसूस किया।

बिहार के पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, दरभंगा और मधुबनी में भी भूकंप के झटके महसूस होने की सूचना है।

दार्जिलिंग के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि खबर लिखे जाने तक किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं मिली थी। सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के एक अधिकारी ने भी कहा कि उन्हें नुकसान की कोई जानकारी नहीं मिली है। हालांकि, अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।

दार्जिलिंग घूमने पहुंचे पर्यटकों ने भी सुबह कंपन महसूस किया। एक पर्यटक ने बताया कि दार्जिलिंग मॉल के पास एक पर्यटन स्थल पर मौजूद रहने के दौरान अचानक झटके महसूस हुए। पहले उन्हें चक्कर जैसा महसूस हुआ, लेकिन अन्य लोगों ने भी कंपन महसूस किया तो भूकंप आने की बात स्पष्ट हो गई।

भूकंप के बाद उत्तर बंगाल और सिक्किम में अब तक किसी नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है।