भारत-बांग्लादेश सीमा पर लापता हुए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के कांस्टेबल के. बेनु को बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) ने बांग्लादेश के अमलशीद गांव से जीवित पाया है। जवान के मिलने से बीएसएफ और उनके परिवार को राहत मिली है।
कांस्टेबल के. बेनु और हेड कांस्टेबल जितेंद्र यादव कछार जिले के काटीगोड़ा क्षेत्र में हरिनगर सीमा चौकी पर तैनात थे। रविवार रात दोनों जवान सीमा पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने भारत-बांग्लादेश सीमा के पास 4 से 5 संदिग्ध मवेशी तस्करों को देखा।
बीएसएफ जवानों को देखकर संदिग्ध तस्कर बराक नदी में कूद गए। उन्हें पकड़ने के लिए दोनों जवान भी नदी में कूद गए। हेड कांस्टेबल जितेंद्र यादव तैरकर सुरक्षित किनारे पहुंच गए, लेकिन तेज धारा कांस्टेबल के. बेनु को बहा ले गई। इसके बाद से वह लापता थे।
सोमवार तड़के बीएसएफ के कंपनी कमांडर ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने जवान की तलाश में अभियान शुरू किया। अभियान में राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और नदी पुलिस की टीमें लगाई गई थीं।
बाद में बीजीबी की टीम ने अमलशीद गांव से जवान को बरामद किया। उन्हें बीजीबी की अमलशीद सीमा चौकी के शिविर में रखा गया था। मंगलवार को औपचारिक रूप से उन्हें बीएसएफ को सौंपे जाने की संभावना है।