देरगांव: असम में प्रति 1 लाख आबादी पर अपराध के मामले 2021 में 379 थे, जो जुलाई 2026 तक घटकर 116 रह गए हैं। इसी अवधि में दर्ज मामलों की कुल संख्या 1,33,239 से घटकर 25,014 हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने देरगांव स्थित लाचित बरफुकन पुलिस अकादमी में आयोजित एक कार्यक्रम में ये आंकड़े पेश किए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मामलों की संख्या घटने से पुलिस पर जांचाधीन मामलों का बोझ भी कम हुआ है। फिलहाल पुलिस के पास 10,136 मामले जांचाधीन हैं। उन्होंने कहा कि अदालतों में दोषसिद्धि दर 30 प्रतिशत से अधिक हो गई है।
सरकार के अनुसार, नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान में अब तक 3,273 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं और 26,537 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साइबर अपराध से निपटने के लिए पुलिस की तकनीकी क्षमता बढ़ाने का भी उल्लेख किया गया।
बाल विवाह के खिलाफ अभियान में 2023-24 के दौरान करीब 10 हजार लोगों को हिरासत में लिया गया था। हाल में अक्टूबर में चलाए गए विशेष अभियान में 481 शिकायतों के आधार पर 565 लोगों को गिरफ्तार किया गया। बाल विवाह से जुड़ी शिकायतों की संख्या 95 प्रतिशत बढ़ी है। सरकार के अनुसार, यह वृद्धि जागरूकता और एफआईआर दर्ज कराने की बढ़ती प्रवृत्ति को भी दर्शाती है।
सरकार के अनुसार, केंद्र सरकार के तीन नए आपराधिक कानूनों को लागू करने में असम पुलिस को देश में पहला स्थान मिला है। डिजिटल साक्ष्य जुटाने के लिए इस्तेमाल होने वाले ई-साक्ष्य पोर्टल पर असम ने 100 प्रतिशत पंजीकरण पूरा कर लिया है। राज्य में ई-समन व्यवस्था भी लागू की जा रही है।
जांच और साक्ष्य जुटाने की व्यवस्था मजबूत करने के लिए राज्य में 3 नई फोरेंसिक प्रयोगशालाएं स्थापित की गई हैं। देरगांव में एक क्षेत्रीय फोरेंसिक विज्ञान केंद्र का निर्माण भी जारी है।
पुलिस प्रशासन में मानव संसाधन बढ़ाने के लिए 1 फरवरी से विभिन्न विभागों में कुल 5,737 कांस्टेबल पदों के लिए परीक्षा आयोजित करने की घोषणा की गई है। इनमें असम पुलिस के 2,236, एपीआरओ के 686, अग्निशमन बल के 490, वन विभाग के 1,307, गृह रक्षक बल के 827 और कारागार विभाग के 191 पद शामिल हैं।
करीब 1,000 युवाओं को नियुक्ति देने के लक्ष्य के साथ एक नई असम पुलिस बटालियन और एक एसडीआरएफ बटालियन गठित करने की योजना भी बनाई गई है।