देरगांव: असम पुलिस की विशेष कमांडो फोर्स ‘स्मार्ट रिस्पॉन्स यूनिट’ (एसआरयू) को औपचारिक रूप से सक्रिय कर दिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने लचित बरफुकन पुलिस अकादमी में उप-निरीक्षकों और कांस्टेबलों की पासिंग आउट परेड के दौरान इसकी घोषणा की।
इस विशेष बल को 2 अलग-अलग इकाइयों में बांटा गया है। इनमें अर्बन इंटरवेंशन यूनिट शहरों के घनी आबादी वाले इलाकों में जटिल अपराध और आतंकवादी खतरों से निपटेगी, जबकि जंगल इंटरवेंशन यूनिट पहाड़ी और वन क्षेत्रों में अभियान चलाएगी। दोनों इकाइयों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है।
दोनों इकाइयों में 65-65 विशेष कमांडो तैनात होंगे। इस तरह कुल 130 कमांडो इस बल का हिस्सा होंगे। प्रत्येक 65 सदस्यीय दल में 13 प्रशिक्षित महिला कमांडो शामिल हैं, जबकि शेष 52 पुरुष जवानों को आधुनिक हथियारों और विशेष अभियानों की तकनीक का प्रशिक्षण दिया गया है।
सरकारी जानकारी के अनुसार, इस विशेष बल के गठन की प्रक्रिया मार्च 2025 से शुरू हुई थी। असम पुलिस के मुख्य बल से चुने गए 160 उम्मीदवारों की एक महीने तक चली शारीरिक और मानसिक परीक्षाओं के बाद 130 कमांडो का अंतिम चयन किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून-व्यवस्था के सामने उभर रही नई चुनौतियों से निपटने के लिए कमांडो को उच्च स्तर का विशेष प्रशिक्षण और आधुनिक उपकरणों से लैस किया गया है। अचानक पैदा होने वाले संकट के समय सामान्य पुलिस बल के बजाय इस विशेष रूप से प्रशिक्षित इकाई को तेजी से तैनात करना इसका प्रमुख उद्देश्य है।
एसआरयू को राज्य के किन संवेदनशील जिलों में तैनात किया जाएगा, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। बल को दिए गए हथियारों और तकनीकी उपकरणों का ब्योरा भी जारी नहीं किया गया है।