मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने घोषणा की है कि अगले 5 वर्षों में असम पुलिस में 20 हजार से अधिक नई भर्तियां की जाएंगी। उन्होंने लाचित बरफुकन पुलिस अकादमी के दीक्षांत समारोह में युवाओं के लिए पुलिस विभाग में रोजगार के नए अवसरों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 फरवरी से असम पुलिस के 5,776 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। इनमें विभिन्न विभागों के कांस्टेबल पद शामिल हैं।

इन पदों में असम पुलिस के 2,236, एपीआरओ के 684, अग्निशमन विभाग के 490, वन विभाग के 13, होमगार्ड के 1,007, अन्य विभागों के 827 और कारागार विभाग के 191 पद शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि असम पुलिस में जल्द ही एक और भर्ती विज्ञापन जारी करने की तैयारी चल रही है। करीब 1,000 युवाओं को रोजगार का अवसर देने के लिए एक नई पुलिस बटालियन गठित करने की भी योजना है।

मुख्यमंत्री ने राज्य में एक और एसडीआरएफ बटालियन गठित करने की घोषणा भी की।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय अर्धसैनिक बलों में राज्य के युवाओं को भर्ती का अवसर देने के लिए असम में सीआरपीएफ और सीआईएसएफ के दो नए भर्ती परीक्षा केंद्र स्थापित करने की दिशा में कदम उठाए गए हैं। इन केंद्रों के लिए धेमाजी जिले में जमीन की पहचान कर ली गई है।