इम्फाल, 24 नवंबर: करीब एक साल के अंतराल के बाद मणिपुर के इम्फाल और असम के शिलचर के बीच सीधी विमान सेवा फिर शुरू हो गई है। मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने मंगलवार को इम्फाल अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर एलायंस एयर की इस सेवा का उद्घाटन किया।

यह सेवा मणिपुर सरकार की स्टेट वायबिलिटी गैप फंडिंग (वीजीएफ) योजना के तहत फिर शुरू की गई है। मणिपुर के परिवहन निदेशालय ने असम की बराक घाटी तक यात्रा को आसान बनाने के उद्देश्य से यह पहल की है।

एलायंस एयर एटीआर 72 विमान से इम्फाल-शिलचर सीधी सेवा संचालित करेगी। जारी समय-सारिणी के अनुसार, फ्लाइट संख्या 9I731 इम्फाल से सुबह 8.35 बजे उड़ान भरेगी और सुबह 9.30 बजे शिलचर पहुंचेगी। यह सेवा हर मंगलवार और गुरुवार को उपलब्ध रहेगी।

करीब एक वर्ष तक सीधी उड़ान बंद रहने से दोनों क्षेत्रों के यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। खासकर मणिपुर के जिरीबाम जिले के लोगों के लिए यह सेवा उपयोगी मानी जा रही है। जिरीबाम से शिलचर की दूरी करीब 50 किलोमीटर है।

मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने कहा कि बेहतर क्षेत्रीय हवाई संपर्क से यात्रा सुविधाजनक होगी और पर्यटन तथा आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि यात्रियों की मांग के आधार पर सप्ताह में दो दिन चल रही सेवा को तीन दिन करने पर भी सरकार विचार कर रही है।

उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने इम्फाल अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के नए इंटीग्रेटेड टर्मिनल भवन के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के तहत चल रहे इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर हवाईअड्डे की वार्षिक यात्री संचालन क्षमता 13.9 लाख से बढ़कर 50 लाख हो जाएगी। हवाईअड्डे को 24 घंटे चालू रखने की भी योजना है।