नुमलीगढ़: मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने नुमलीगढ़ में आरएलजी ग्रुप की नुमलीगढ़ इंडस्ट्रीज एलएलपी की एक बड़ी औद्योगिक परियोजना की आधारशिला रखी। करीब 750 करोड़ रुपये के निवेश से बनने वाली इस परियोजना में पैरासिटामोल समेत दवा उद्योग के लिए जरूरी कच्चे माल का उत्पादन किया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एडवांटेज असम सम्मेलन में आरएलजी ग्रुप ने जो वादा किया था, उसके अनुसार 750 करोड़ रुपये का निवेश 2 से 3 चरणों में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह उद्योग ऊपरी असम को पेट्रोकेमिकल और दवा उद्योग के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित करेगा।
मुख्यमंत्री के अनुसार, इस परियोजना से 300 से अधिक लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उत्पादन के लिए नुमलीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड कार्बन मोनोऑक्साइड और असम पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड मेथनॉल की आपूर्ति करेगी।
पैरासिटामोल के कच्चे माल के अलावा इस इकाई में फॉर्मिक एसिड, एसेटिक एसिड और एसेटिक एनहाइड्राइड जैसे रसायनों का उत्पादन होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे राज्य में पहली बार दवा उद्योग के लिए एक नया आधार तैयार होगा।
उन्होंने कहा कि 1999 में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 30 लाख मीट्रिक टन वार्षिक क्षमता वाली नुमलीगढ़ रिफाइनरी देशवासियों को समर्पित की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इसकी क्षमता बढ़ाकर 60 लाख टन करने का काम चल रहा है और ओडिशा के पारादीप से कच्चा तेल लाने के लिए पाइपलाइन बनाई गई है। उन्होंने बताया कि 2028 तक 3.36 लाख टन उत्पादन क्षमता वाली पॉलीप्रोपाइलीन परियोजना का काम भी पूरा हो जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अगले 1 से 2 महीने में इसका भूमिपूजन होगा। कार्यक्रम में मंत्री अतुल बोरा, अजंता नेओग, सांसद कामाख्या प्रसाद तासा, विधायक मृणाल शइकिया, विश्वजीत फुकन और उद्योग के प्रबंध निदेशक राहुल गोयल मौजूद थे।