दिवंगत गायक जुबिन गर्ग की रेंज रोवर वेलार की बिक्री को लेकर चल रहे विवाद के बीच उनकी बहन डॉ. पामी बरठाकुर ने कुछ समय के लिए सोशल मीडिया से दूर रहने की घोषणा की है। ऑनलाइन आलोचना के बाद उन्होंने सोमवार को फेसबुक पर अपने फैसले की जानकारी दी।
पामी बरठाकुर ने प्रशंसकों से माफी भी मांगी और कहा कि वह अपने भाई के लिए न्याय की लड़ाई जारी रखेंगी। फेसबुक पोस्ट में उन्होंने लिखा, “मैं फिलहाल सोशल मीडिया से साइन ऑफ कर रही हूं।”
वाहन की बिक्री को लेकर विवाद 20 नवंबर को शुरू हुआ था, जब तृणमूल कांग्रेस के नेता दुलु अहमद ने इसके बिकने की बात सार्वजनिक की थी। उनके अनुसार, जुबिन गर्ग की पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग ने यह वाहन आजारा निवासी सम्मनी दास को बेचा था।
AS01-GA-9999 नंबर वाली इस लग्जरी कार को मार्च 2024 में करीब 2.1 करोड़ रुपये में खरीदा गया था। सम्मनी दास ने कहा था कि उन्होंने इसे सिर्फ एक कार के रूप में नहीं, बल्कि जुबिन दादा के प्रति अपने लगाव के कारण खरीदा है।
इस बीच, जुबिन गर्ग के चार करीबी दोस्तों ने वाहन को दोबारा खरीदने की पहल की है। उनका उद्देश्य इसे जुबिन क्षेत्र में सुरक्षित रखना है, ताकि प्रशंसक दिवंगत कलाकार की स्मृतियों से जुड़ी इस कार को संरक्षित रूप में देख सकें।
इससे पहले 22 नवंबर को पामी बरठाकुर ने परिवार के निजी जीवन की गोपनीयता बनाए रखने की अपील की थी। उन्होंने अपने ताजा बयान में भी भाई के लिए न्याय की कोशिश जारी रखने की बात दोहराई है।