लखनऊ: 28 साल पुराने मामले में लखनऊ की एमपी-एमएलए कोर्ट ने पूर्व राज्यसभा सांसद और व्यापारी नेता बनवारी लाल कंचल को 3 साल के कारावास की सजा सुनाई है। कोर्ट ने उनके साथ हुकुमचंद अग्रवाल और देशराज अग्रवाल को भी 3-3 साल की जेल की सजा दी है। तीनों दोषियों पर 36,000-36,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

विशेष न्यायाधीश उमाकांत जिंदल ने तीनों आरोपितों को दोषी ठहराने के बाद उनकी जमानत रद्द कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इसके बाद तीनों को जेल भेज दिया गया।

मामला 12 अगस्त 1998 का है। आरोप है कि उस दिन दोपहर करीब 1.15 बजे बनवारी लाल कंचल करीब 250 लोगों के साथ हजरतगंज स्थित वाणिज्य कर विभाग के कार्यालय में घुस गए थे। विभाग के तत्कालीन सहायक आयुक्त (प्रशासन) एम. एम. कटियार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत के अनुसार, कार्यालय में घुसे लोगों के पास लाठी-डंडे और हथियार थे। उन पर सरकारी कामकाज में बाधा डालने, अधिकारियों को गाली देने और धमकाने का आरोप था। विरोध करने पर अधिकारियों के साथ मारपीट करने तथा सरकारी वाहन और कार्यालय भवन में तोड़फोड़ करने का भी आरोप लगाया गया था।

पुलिस ने जांच के बाद बनवारी लाल कंचल समेत 6 लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था। सुनवाई के दौरान 2 आरोपितों की मौत हो गई, जबकि पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने पर राजेंद्र अग्रवाल को कोर्ट ने बरी कर दिया। अभियोजन पक्ष ने 9 गवाह और 5 दस्तावेजी साक्ष्य पेश किए थे।

बनवारी लाल कंचल को इससे पहले सरकारी कामकाज में बाधा डालने और अधिकारियों के साथ मारपीट के एक मामले में फरवरी 2023 में 2 साल की सजा सुनाई जा चुकी है।