करीब 26 साल के अंतराल के बाद लोकप्रिय संतरा फ्लेवर शीतल पेय गोल्ड स्पॉट भारतीय बाजार में फिर लौट सकता है। कोका-कोला इसे दोबारा लॉन्च करने की तैयारी कर रही है।
बताया जा रहा है कि गोल्ड स्पॉट को अगले सप्ताह से बाजार में उतारा जा सकता है। कंपनी इसे कम चीनी और बिना चीनी वाले विकल्पों में पेश करने की योजना बना रही है।
गोल्ड स्पॉट ने 1950 के दशक में भारतीय बाजार में प्रवेश किया था और एक समय यह काफी लोकप्रिय था। इसका विज्ञापन स्लोगन ‘द जिंग थिंग’ था। कोका-कोला ने 1993 में पारले बिसलेरी से गोल्ड स्पॉट, थम्स अप और लिम्का का अधिग्रहण किया था। बाद में कंपनी ने अपने ब्रांड फैंटा के प्रचार और बाजार विस्तार के लिए 2000 में गोल्ड स्पॉट का उत्पादन बंद कर दिया था।
कम चीनी और अपेक्षाकृत सेहतमंद पेय की ओर बढ़ते ग्राहकों के रुझान को इसके दोबारा लॉन्च की एक वजह माना जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, कोका-कोला की सालाना बिक्री का 60 प्रतिशत हिस्सा डाइट और लाइट पेय से आता है।
भारतीय शीतल पेय बाजार में कैंपा और लाहौरी जीरा जैसे ब्रांडों से प्रतिस्पर्धा भी बढ़ी है। इस बीच, क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी और उनकी पत्नी साक्षी के सोशल मीडिया पर गोल्ड स्पॉट के साथ दिखने के बाद उन्हें ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने की चर्चा शुरू हुई है। हालांकि, कंपनी ने इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।