बालीजान, दुलीयाजान: दुलीयाजान के कमलाबाड़ी में हुए ट्रिपल मर्डर केस के दो मुख्य आरोपी राजू दास और आमिर दास पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए। इस घटना में दो पुलिस कांस्टेबल भी घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ बीती रात डिब्रूगढ़ और तिनसुकिया जिलों की सीमा पर स्थित बालीजान चाय बागान के पास हुई। पुलिस दोनों आरोपियों को हत्या में इस्तेमाल हथौड़े की तलाश में वहां लेकर गई थी।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने हिरासत से भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस को गोली चलानी पड़ी। पुलिस ने कुल 5 राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से 4 गोलियां दोनों आरोपियों के पैरों में लगीं।

राजू दास और आमिर दास को इलाज के लिए डिब्रूगढ़ स्थित असम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया है कि आमिर दास की हालत गंभीर है। घायल दोनों पुलिसकर्मियों का इलाज दुलीयाजान के ऑयल मेडिकल में किया गया।

मुठभेड़ के बाद घटनास्थल पर तलाशी के दौरान पुलिस ने एक खाली कारतूस बरामद किया। पुलिस मामले से जुड़े अन्य सबूत भी जुटा रही है।

इससे पहले डिब्रूगढ़ पुलिस दोनों आरोपियों को लेकर तिनसुकिया में तलाशी अभियान चला चुकी है। वहां से कटारी, स्क्रू-ड्राइवर, छाता और कपड़ों समेत कई सामान बरामद किए गए थे। पुलिस हत्या के बाद आरोपियों के भागने में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी पहले बरामद कर चुकी है।