नई दिल्ली, 23 नवंबर: अभिनेता अक्षय कुमार और अभिनेता-राजनेता रवि किशन लोकप्रिय सेलिब्रिटी टॉक शो ‘कॉफी विद करण’ के 9वें सीजन में एक साथ नजर आएंगे। शो का नया प्रोमो जारी होने के बाद दोनों की मजेदार बातचीत और टिप्पणियों की सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही है।
प्रोमो में शो के होस्ट करण जौहर ने अक्षय कुमार का परिचय बॉलीवुड स्टार के रूप में कराया। इसके बाद उन्होंने रवि किशन का स्वागत करते हुए उन्हें ‘बिहार का ब्रैड पिट’ बताया और कहा कि वह नई पीढ़ी के बीच लोकप्रिय हैं।
करण जौहर ने प्रोमो में बताया कि दोनों को एक साथ शो में बुलाने का सुझाव अक्षय कुमार ने ही दिया था। अक्षय ने रवि किशन के अभिनय के हास्य पक्ष का जिक्र करते हुए उन्हें भावुक व्यक्ति भी बताया।
रवि किशन ने अपने जीवन के संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि कई लोग जिंदगी में चलकर आगे बढ़ते हैं, लेकिन वह रेंगते हुए अपने लक्ष्य तक पहुंचे हैं। उनकी बात सुनकर अक्षय कुमार भावुक हो गए और प्रोमो में दोनों एक-दूसरे को गले लगाते भी दिखे।
प्रोमो में रवि किशन अक्षय कुमार को अपना लोकप्रिय डांस स्टेप सिखाते नजर आते हैं। दोनों ने साथ में डांस किया, जिससे शो में हंसी-मजाक का माहौल बन गया।
करण जौहर ने अक्षय कुमार से पूछा कि वह एक साल यौन संबंध से दूर रहना चुनेंगे या एक साल एक्सरसाइज किए बिना रहना। इस पर अक्षय ने मजाकिया अंदाज में कहा,
क्या सेक्स सबसे अच्छी एक्सरसाइज नहीं है?
उनके जवाब पर करण जौहर और रवि किशन हंस पड़े।
‘कॉफी विद करण’ के 9वें सीजन में रवि किशन की यह पहली मौजूदगी होगी, जबकि अक्षय कुमार पहले भी शो के कई सीजन में हिस्सा ले चुके हैं। नया एपिसोड 25 नवंबर, बुधवार को शाम 7 बजे जियोहॉटस्टार पर प्रसारित होगा।