डिब्रूगढ़, 25 नवंबर: दुलियाजन हत्या मामले में दो आरोपी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। दोनों आरोपियों की पहचान राजू और अमीर के रूप में हुई है।

डिब्रूगढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निर्मल घोष ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल मुख्य हथियार की तलाश में पुलिस की एक टीम दोनों आरोपियों को दुलियाजन के बालिजन चाय बागान लेकर गई थी।

उन्होंने बताया कि रात करीब 11 बजे दोनों आरोपियों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भागने की कोशिश की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कुल 5 राउंड गोलियां चलाईं। इनमें से 4 गोलियां दोनों आरोपियों के पैरों में लगीं।

राजू के दाहिने पैर में और अमीर के बाएं पैर में गोली लगी है। इस घटना में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए, जिनका दुलियाजन के अस्पताल में इलाज कराया गया।

घायल दोनों आरोपियों को रात करीब 2 बजे डिब्रूगढ़ के असम मेडिकल कॉलेज अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में भर्ती कराया गया। दोनों का इलाज चल रहा है।