गुवाहाटी, 25 नवंबर: विधायक अखिल गोगोई ने दिवंगत गायक जुबिन गर्ग की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर 28 नवंबर को जुबिन क्षेत्र में बड़ी जनसभा आयोजित करने का आह्वान किया है। जनसभा शनिवार सुबह 11 बजे से होगी।

उन्होंने कहा कि 30 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में इस मामले के आरोपियों की जमानत से जुड़ी सुनवाई होनी है। इस सुनवाई से पहले पूरे राज्य में न्याय की मांग के पक्ष में जनमत मजबूत करना कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।

गोगोई ने कहा कि मामले की जांच और कोर्ट में दाखिल चार्जशीट के कई पहलुओं में अधिक स्पष्टता तथा सख्ती की जरूरत है। उन्होंने इस संबंध में तीन विशेष मांगें रखीं।

पहले से जमानत पा चुके आरोपियों की जमानत रद्द कराने की व्यवस्था की जाए, जमानत के लिए आवेदन करने वाले आरोपियों को जमानत न मिले, इसके लिए मजबूत कानूनी कदम उठाए जाएं और जांच में कोई कमी या अधूरापन हो तो दोबारा जांच कर अतिरिक्त चार्जशीट दाखिल की जाए।

उन्होंने कहा कि जुबिन गर्ग की मौत के मामले में न्याय का आंदोलन किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित नहीं रहना चाहिए। यह पूरे असम के लोगों का साझा आंदोलन होना चाहिए।

विधायक ने 28 नवंबर की जनसभा में राज्य के कलाकारों, साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों, जुबिन गर्ग के परिवार के सदस्यों, प्रशंसकों और सभी वर्गों के लोगों से शामिल होने की अपील की।