नई दिल्ली, 26 नवंबर: केंद्र सरकार ने नेटफ्लिक्स को भारत में पाकिस्तान में बनी किसी भी फिल्म या धारावाहिक का प्रसारण नहीं करने की फिर याद दिलाई है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने ओटीटी मंच को 8 मई 2025 को जारी सलाह का पालन करने को कहा है।
पाकिस्तानी अभिनेता फवाद खान और माहिरा खान की नई वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ के भारत में रिलीज होने की संभावना को लेकर मंत्रालय के पास कई शिकायतें और आवेदन पहुंचे थे। इसके बाद नेटफ्लिक्स से अपनी पहले की प्रतिबद्धता बनाए रखने को कहा गया है।
यह सीरीज दुनिया भर में 4 दिसंबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली है। इसमें फवाद खान और माहिरा खान के अलावा हानिया आमिर, अहद रजा मीर, इकरा अजीज और सनम सईद ने भी अभिनय किया है। भारत में इसका प्रसारण होगा या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
जून 2025 में नेटफ्लिक्स ने मंत्रालय को बताया था कि भारत के ग्राहकों के लिए पाकिस्तान में निर्मित कोई फिल्म या धारावाहिक उपलब्ध नहीं कराया गया है। मंत्रालय ने हाल में मंच से इस प्रतिबद्धता का फिर पालन करने का आग्रह किया है।
इस मुद्दे पर ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सीरीज का भारत में प्रसारण रोकने की मांग की है। एआईसीडब्ल्यूए के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने 24 नवंबर को लिखे पत्र में पाकिस्तानी फिल्मों, कलाकारों और प्रोडक्शन के खिलाफ भारतीय सिनेमा, टेलीविजन और ओटीटी मंचों पर स्थायी कानूनी कदम उठाने की मांग की थी। अगले दिन एफडब्ल्यूआईसीई ने भी ऐसी ही मांग की।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के दौरान सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने 8 मई 2025 को ओटीटी मंचों और अन्य डिजिटल सेवा प्रदाताओं को पाकिस्तान से आने वाली सामग्री की पहुंच रोकने की सलाह दी थी।
इस बीच, बेंगलुरु में 28 नवंबर और 5 दिसंबर को होने वाले पाकिस्तानी धारावाहिक ‘दार-ए-निजात’ के दो निजी प्रदर्शन भी सोशल मीडिया पर आपत्ति के बाद रद्द कर दिए गए हैं। ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ फरहत इश्तियाक के लोकप्रिय उर्दू उपन्यास पर आधारित है। इसका निर्देशन और निर्माण मोमिना दुरैद ने किया है। इसे नेटफ्लिक्स की पहली उर्दू भाषा की मौलिक सीरीज बताया गया है।