सिलचर: कछार के डलू ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद बराक घाटी में खुशी का माहौल है। इस ऐतिहासिक फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के प्रति आभार जताते हुए भाजपा ने सिलचर में विशाल आभार रैली निकाली।
रैली सिलचर के डीएसए खेल मैदान से शुरू हुई और शहर के विभिन्न मार्गों से होकर रंगीरखाड़ी में समाप्त हुई। इसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
रैली में मंत्री कौशिक राय, राज्यसभा सांसद, बराक घाटी के विभिन्न पार्टी विधायक, भाजपा नेता-कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।
प्रतिभागियों ने डलू एयरपोर्ट की मंजूरी को बराक घाटी के विकास के लिए ऐतिहासिक कदम बताया और उत्साह के साथ फैसले का स्वागत किया।
करीब 2,014 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले डलू ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट को बराक घाटी के लोगों की लंबे समय से चली आ रही उम्मीदों को पूरा करने की दिशा में नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है।