अलीगढ़, 26 नवंबर: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में अवैध रूप से भारत में रहने के आरोप में एक ही परिवार के 12 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार शाम कोतवाली और रोरावर थाना क्षेत्रों में गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाकर उन्हें पकड़ा था।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी बांग्लादेशी नागरिक हैं और कथित तौर पर अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर फर्जी पहचान के सहारे रह रहे थे। गुरुवार को उन्हें कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
अभियान के दौरान 10 आधार कार्ड, 2 पैन कार्ड, एक मतदाता पहचान पत्र, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड, ई-श्रम कार्ड, ईपीएफओ के दस्तावेज, बैंक पासबुक और एटीएम कार्ड जब्त किए गए। पुलिस ने 5 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस का दावा है कि मोबाइल फोन के कॉल और संदेशों की जांच में बांग्लादेश में रह रहे रिश्तेदारों से संपर्क के संकेत मिले हैं। जब्त दस्तावेजों की सत्यता और भारतीय पहचान पत्र हासिल करने के तरीके की जांच जारी है।
पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, अमीना बेगम ने पूछताछ में कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह 1992 में पति और परिवार के साथ बिना पासपोर्ट या वीजा के भारत आई थीं। उन पर फर्जी नाम और पते का इस्तेमाल कर सिम कार्ड तथा पहचान पत्र हासिल करने का भी आरोप है।
अलीगढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य बंचल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और फॉरेनर्स एक्ट, 2025 की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। दस्तावेज तैयार कराने में किसी व्यक्ति या गिरोह की भूमिका की भी जांच की जा रही है।