अगरतला, 27 नवंबर: त्रिपुरा में अगरतला नगर निगम समेत 16 शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह 7 बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है। मतदान शाम 4 बजे तक चलेगा।

राज्य चुनाव आयोग के सचिव अनुराग सेन ने बताया कि राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर मतदान शुरू हो गया है और अब तक प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही है।

इन 16 निकायों की 268 सीटों के लिए 733 उम्मीदवार मैदान में हैं। कुल 5.56 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। अगरतला नगर निगम में 51 वार्ड हैं।

चुनाव प्रक्रिया में करीब 4,600 मतदान कर्मियों को लगाया गया है। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 39 कंपनियों सहित 10,000 से अधिक सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।

राजनीतिक दलों में भाजपा ने सबसे अधिक 266 उम्मीदवार उतारे हैं। इसके बाद माकपा के 228 और कांग्रेस के 201 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।