नई दिल्ली, 27 नवंबर: केरल के 16 वर्षीय एआई उद्यमी राउल जॉन अजु ने मॉस्को में आयोजित ‘AI Journey 2026’ सम्मेलन के दौरान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से मुलाकात की। पुतिन के साथ तस्वीर साझा करने के बाद राउल की तकनीकी यात्रा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आ गई है।
राउल ने सोशल मीडिया पर पुतिन के साथ अपनी तस्वीर पोस्ट की। उन्होंने लिखा कि 9 वर्ष की उम्र में बाथरूम में अपना पहला वीडियो बनाने से लेकर 16 साल की उम्र में पुतिन के साथ तस्वीर खिंचवाने तक का सफर उनकी कल्पना से भी परे था। उन्होंने सम्मेलन में एआई शोधकर्ताओं और तकनीकी विशेषज्ञों से मिलने के अनुभव को भी खास बताया।
राउल को बचपन से ही तकनीक में रुचि रही है। वीडियो एडिटिंग से शुरू हुआ उनका यह सफर आगे चलकर रोबोटिक्स और एआई तक पहुंचा। उन्होंने 12 वर्ष की उम्र में अपना पहला रोबोट बनाया था।
इसके बाद राउल ने 10 से अधिक एआई आधारित टूल तैयार किए और ‘AI Realm Technologies’ नाम से अपना उद्यम शुरू किया। स्कूल की विज्ञान प्रदर्शनी के लिए उन्होंने ‘MeBot’ नाम का एक प्रोजेक्ट भी बनाया था।
उनके उद्यम का एक लक्ष्य डेबिट या क्रेडिट कार्ड नहीं रखने वाले लोगों के लिए क्यूआर कोड के जरिए डिजिटल भुगतान को आसान बनाना है। बताया जाता है कि केरल और दुबई की सरकारों ने भी सार्वजनिक सेवाओं में एआई के इस्तेमाल को लेकर उनसे सलाह मांगी है। राउल अपनी उपलब्धियों को सीखने की लंबी प्रक्रिया का हिस्सा मानते हैं।