असम विधानसभा सचिवालय ने कर्मचारियों के लिए सख्त ड्रेस कोड लागू किया है। कार्यालय समय में जींस, टी-शर्ट और लेगिंग्स पहनने पर प्रतिबंध लगाया गया है। कार्यस्थल पर अनुशासन और औपचारिक माहौल बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्देश जारी किया गया है।

महिला कर्मचारियों को कार्यालय में मेखेला-चादर, साड़ी या सलवार-कमीज जैसे औपचारिक परिधान पहनने होंगे। जींस, टी-शर्ट और लेगिंग्स को अनौपचारिक पोशाक मानते हुए प्रतिबंधित किया गया है।

पुरुष कर्मचारियों के लिए औपचारिक शर्ट और पैंट पहनना तय किया गया है। कार्यालय के कार्यदिवसों में इस ड्रेस कोड का पालन करना होगा।

निर्देश के अनुसार, हर बुधवार को कर्मचारी असम के किसी भी समुदाय की पारंपरिक पोशाक पहन सकेंगे। विधानसभा सत्र के दौरान और अन्य विशेष औपचारिक कार्यक्रमों में सचिवालय की ओर से तय यूनिफॉर्म पहनना अनिवार्य होगा।

यह नियम केवल स्थायी कर्मचारियों तक सीमित नहीं है। दैनिक मजदूरी, तय वेतन और मासिक मानदेय के आधार पर काम करने वाले कर्मचारियों पर भी यह लागू होगा। निर्देश का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।