गुवाहाटी में 17वें असोमी सरस मेले का शुभारंभ, 315 व्यावसायिक प्रतिष्ठान ले रहे हैं हिस्सा
गुवाहाटी: गुवाहाटी के खानापाड़ा पशु चिकित्सा महाविद्यालय खेल मैदान में 17वें असोमी सरस मेले का औपचारिक रूप से शुभारंभ हो गया है। 27 नवंबर से शुरू हुआ यह 15 दिवसीय मेला आगामी 11 दिसंबर तक चलेगा।
इस मेले में देश के विभिन्न हिस्सों की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित करने की व्यवस्था की गई है। इस वर्ष मेले में कुल 315 व्यावसायिक प्रतिष्ठान हिस्सा ले रहे हैं।
भारत के 27 अलग-अलग राज्यों से व्यापारी, कारीगर और प्रदर्शक अपने पारंपरिक उत्पादों के साथ मेले में पहुंचे हैं। यहां आने वाले लोगों को देश के विभिन्न क्षेत्रों के हस्तशिल्प, कुटीर उद्योगों के उत्पाद और अन्य पारंपरिक वस्तुओं को देखने तथा खरीदने का अवसर मिलेगा।
इस आयोजन का उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार के लिए एक बेहतर मंच प्रदान करना है।
आयोजकों को उम्मीद है कि मेले के माध्यम से स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा और पारंपरिक उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध होगा। यह मेला विभिन्न राज्यों की कला, संस्कृति और पारंपरिक कौशल को एक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर भी प्रदान कर रहा है।