डोंगकामोकाम, 28 नवंबर: असम विधानसभा के उपाध्यक्ष और भाजपा विधायक हाबे टेरोन से जुड़े विवाद में नया मोड़ आया है। पांच वर्षीय बच्चे के पितृत्व का पता लगाने के लिए डीएनए जांच कराने पर दोनों पक्ष सहमत हो गए हैं।

शनिवार को डोंगकामोकाम स्थित कार्बी पारंपरिक भवन ‘कार्बी हेमतुन’ में हुई बैठक के बाद हाबे टेरोन ने महिला और मौजूद लोगों के सामने कहा कि यदि डीएनए जांच में बच्चे के उनका पुत्र होने की पुष्टि होती है, तो वह उसकी पूरी जिम्मेदारी लेंगे।

24 नवंबर को काबान किलिंगपी ने कार्बी आंगलोंग जिला प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हाबे टेरोन पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। महिला का दावा था कि कोविड काल में इलाज के दौरान उनकी हाबे टेरोन से पहचान हुई और बाद में संबंध बने। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि उन्हें विवाह का आश्वासन दिया गया था, जिससे उनका पहले का वैवाहिक जीवन टूट गया।

महिला के अनुसार, उनका पांच वर्षीय बेटा हाबे टेरोन का पुत्र है। उन्होंने आरोप लगाया था कि गुवाहाटी में किराये के घर की व्यवस्था करने के बाद उन्हें वह घर छोड़ने के लिए मजबूर किया गया। महिला ने यह भी दावा किया था कि हाबे टेरोन से मिलने की कोशिश के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोका था। उन्होंने बच्चे के पितृत्व की पुष्टि के लिए डीएनए जांच की मांग की थी।

इससे पहले कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य और भाजपा नेता तुलीराम रोंगहांग ने हाबे टेरोन के खिलाफ लगाए गए आरोपों को खारिज किया था। उन्होंने हावड़ाघाट में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोपों के कोई सबूत नहीं होने का दावा करते हुए इसे राजनीतिक साजिश बताया था। उन्होंने कहा था कि मामला कोर्ट में है।

डीएनए जांच कब होगी, नमूने कैसे लिए जाएंगे और रिपोर्ट कब आएगी, इसे लेकर अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।