मेघालय सरकार ने राजा रघुवंशी हत्याकांड में सोनम रघुवंशी और दो अन्य आरोपितों को आर्म्स एक्ट के आरोपों से राहत देने वाले निचली अदालत के आदेश को चुनौती दी है। सरकार की आपराधिक पुनरीक्षण याचिका पर मेघालय हाईकोर्ट ने सोनम समेत तीनों आरोपितों को नोटिस जारी किया है।

न्यायमूर्ति विश्वदीप भट्टाचार्य की अदालत में 26 नवंबर, 2026 को मामले की सुनवाई हुई। राज्य सरकार ने निचली अदालत के 1 जुलाई के आदेश को रद्द करने की मांग की है। इस आदेश में तीनों आरोपितों को आर्म्स एक्ट के तहत लगाए गए आरोपों से राहत दी गई थी।

राज्य सरकार की ओर से महाधिवक्ता अमित कुमार ने पक्ष रखा। उनकी सहायता सरकारी अधिवक्ता ए. एस. पांडेय ने की। सुनवाई के दौरान सरकार ने याचिका दाखिल करने में हुई 42 दिन की देरी माफ करने का भी अनुरोध किया।

हाईकोर्ट ने आरोपितों को तीन सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। साथ ही राज्य सरकार को दो दिन के भीतर आरोपितों तक नोटिस पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया है।

मामले में 25 जून, 2025 को मध्य प्रदेश के इंदौर से देशी तरीके से निर्मित 7.65 मिलीमीटर की पिस्तौल, दो मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद होने के बाद आर्म्स एक्ट के आरोप जोड़े गए थे। इससे पहले 2 जून, 2025 को मेघालय के वेई सॉडोंग के पास एक गहरी खाई से राजा रघुवंशी का शव बरामद हुआ था। आरोपितों को 9 जून को गिरफ्तार किया गया था।

जांच के तहत पहली चार्जशीट 5 सितंबर को दाखिल की गई थी। बाद में 28 अक्टूबर को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत आरोप तय किए गए। 20 जनवरी, 2026 को दाखिल पूरक चार्जशीट में हथियार बरामदगी से जुड़े आर्म्स एक्ट के आरोप शामिल किए गए थे। मामले में बीएनएस के तहत हत्या की मुख्य सुनवाई और आर्म्स एक्ट के आरोपों से राहत देने वाले आदेश के खिलाफ सरकार की याचिका, दोनों अलग-अलग कानूनी प्रक्रियाएं चल रही हैं।