काहिरा, 28 नवंबर: मिस्र की राजधानी काहिरा के बाहरी इलाके में एक व्यस्त रिंग रोड पर तेल से भरा टैंकर पलटने के बाद भीषण आग लग गई। हादसे में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 अन्य घायल हो गए।

बुधवार को गीजा क्षेत्र के घनी आबादी वाले वाराक इलाके में हुई इस दुर्घटना में 20 से अधिक वाहन आग की चपेट में आ गए। मिस्र के अधिकारियों के अनुसार, तेल टैंकर नियंत्रण खोकर पलट गया, जिसके बाद आग भड़क उठी और तेजी से आसपास के वाहनों तक फैल गई।

घटनास्थल पर पहुंची बचाव टीमों ने जलते वाहनों से लोगों को निकालने का प्रयास किया। दमकलकर्मियों ने कई वाहनों में फैली आग बुझाने के लिए अभियान चलाया। दुर्घटना के बाद सड़क पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

हादसे के समय जाम में फंसे प्रत्यक्षदर्शी अहमद समीर ने बताया कि उन्होंने तेल टैंकर समेत कई वाहनों को जलते देखा। उन्होंने कहा कि जली हुई गाड़ियों से कम से कम आठ शव निकाले जाते हुए उन्होंने देखे।

मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। सार्वजनिक अभियोजक कार्यालय मृतकों की पहचान के लिए डीएनए जांच करा रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री खालिद अब्देल गफ्फार ने बताया कि घायलों को आसपास के अस्पतालों में भेजा गया है। उन्होंने मृतकों की संख्या को प्रारंभिक बताते हुए इसके बढ़ने की आशंका जताई।

स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, आग में 20 से अधिक कारें और मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हुईं। मलबा हटाने के बाद रिंग रोड को फिर से खोल दिया गया।