असदाबाद, 29 नवंबर: अफगानिस्तान के पूर्वी कुनार प्रांत की राजधानी असदाबाद के पास एक स्कूल के निकट विस्फोटक भंडारण स्थल में हुए भीषण विस्फोट में 10 लोगों की मौत और 110 लोगों के घायल होने की सूचना है। मृतकों और घायलों में अधिकतर बच्चे और छात्र बताए गए हैं।

यह घटना शनिवार, 28 नवंबर को असदाबाद के बाहरी इलाके अंदार सेर में हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय के पास स्थानीय खनन कंपनियों के लिए रखे गए विस्फोटकों में धमाका हुआ।

कुनार प्रांत के संस्कृति एवं सूचना विभाग के निदेशक सामी उल हक बयान ने कहा कि विस्फोटक सामग्री के रखरखाव में लापरवाही की आशंका है। हालांकि, विस्फोट के वास्तविक कारण की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

धमाके की तीव्रता से स्कूल भवन का एक हिस्सा भी ढह गया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। प्रांतीय अधिकारियों के एक अन्य ताजा आंकड़े में 7 लोगों की मौत और 90 से अधिक लोगों के घायल होने की बात कही गई है। इनमें से अधिकतर घायलों को इलाज के बाद घर भेज दिया गया, जबकि करीब 15 लोग अस्पताल में भर्ती हैं।

स्थानीय अधिकारी विस्फोट के कारणों और विस्फोटक भंडारण में कथित लापरवाही की जांच कर रहे हैं।