गुवाहाटी, 29 नवंबर: बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव ने दिवंगत कलाकार जुबिन गर्ग को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें प्रतिभा का भंडार बताया। उन्होंने कहा कि देश के हर हिस्से के लोग जुबिन गर्ग को प्यार करते हैं और वह स्वयं भी उनके प्रशंसक हैं।
जुबिन गर्ग की प्रतिभा के बारे में जितना कहा जाए, उतना कम है। वह प्रतिभा का भंडार थे और मैं भी उनका प्रशंसक हूं।
पत्रकारों से बातचीत में राजपाल यादव ने असम और असमिया भाषा के प्रति अपना लगाव भी जताया। उन्होंने कहा कि देश की अलग-अलग भाषाओं और संस्कृतियों के साथ काम करने में उनकी दिलचस्पी है तथा असम से उनकी कई पुरानी यादें जुड़ी हैं।
राजपाल यादव असमिया फिल्म ‘डबल बिया’ में अभिनय के लिए असम आए हैं। यह किसी असमिया फिल्म में उनका पहला अभिनय होगा। फिल्म का निर्माण सुब्रत काकति की प्रोडक्शन कंपनी एसयूवी फिल्म्स के बैनर तले किया जाएगा।
फिल्म की कहानी, पटकथा और निर्देशन की जिम्मेदारी रिंटू मणि बोरा संभाल रहे हैं। ‘डबल बिया’ एक हास्य फिल्म है।
पांच दिन के असम दौरे पर आए राजपाल यादव मां कामाख्या मंदिर के दर्शन करने के साथ जुबिन क्षेत्र का भी दौरा करेंगे। इसके बाद वह फिल्म की शूटिंग के लिए गोलाघाट रवाना होंगे।
फिल्म का शुभ मुहूर्त 15 नवंबर को गोलाघाट में हुआ था। इसमें राजपाल यादव के साथ त्रैलोक्य बरुआ, बलिन बोरा, उज्ज्वल राजखोवा, नितु खनिकर और चुमकी कछारी समेत कई असमिया कलाकार अभिनय करेंगे।