पटना, 29 नवंबर: बिहार की राजधानी पटना में रविवार को भाजपा के राज्य कार्यालय के सामने तनावपूर्ण स्थिति बन गई। एक उग्र समूह ने कार्यालय पर पथराव किया और आसपास खड़े वाहनों तथा दुकानों में तोड़फोड़ की। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया।

पटना के मिलर स्कूल मैदान में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर आर्यन केल्विन का एक कार्यक्रम आयोजित था। इसमें कई स्थानीय यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शामिल हुए थे। आर्यन केल्विन के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के कुछ समय बाद वहां से चले जाने पर मैदान में मौजूद युवकों के एक समूह में तनाव पैदा हो गया।

बताया गया कि इसके बाद मैदान से निकला एक समूह पास के इलाके में तोड़फोड़ करने लगा। यह समूह आगे बढ़ते हुए भाजपा कार्यालय की ओर पहुंचा और वहां पथराव किया। कार्यालय के पास मौजूद वाहनों, ठेलों और दुकानों को भी नुकसान पहुंचाया गया।

घटना के दौरान पुलिस पर भी पथराव किया गया, जिसमें कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी है। स्थानीय पुलिस ने उग्र लोगों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया।

पुलिस ने पथराव और तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि वीडियो और अन्य जानकारियों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। मामले की जांच जारी है।