तलाप: तिनसुकिया जिले में तलाप के निकट मिष्मिकाटा बीना चाय बागान में पानी के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरने से एक 26 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान पास के मिष्मिकाटा गांव के निवासी धुंधु खारिया के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, चाय बागान के भीतर पानी के लिए खोदे गए गड्ढे में धुंधु खारिया गिर गए थे। शुरुआत में बागान के किसी भी व्यक्ति को इस घटना की जानकारी नहीं थी। बागान में काम कर रहे एक व्यक्ति ने गड्ढे में शव देखा, जिसके बाद घटना का पता चला।
बाद में स्थानीय लोगों ने मृतक की पहचान धुंधु खारिया के रूप में की। सूचना मिलने पर तलाप पुलिस चौकी की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए तिनसुकिया सिविल अस्पताल भेज दिया।
इस घटना पर असम टी ट्राइब्स स्टूडेंट्स एसोसिएशन (ATSA) की गाखीरभेटी उपशाखा ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई है। संगठन ने घटना की निंदा करते हुए पूरे मामले की उचित जांच कराने की मांग की है।