सोनापुर, 5 नवंबर: लोकप्रिय असमिया गायक जुबीन गर्ग की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर गुरुवार को सोनापुर स्थित जुबीन क्षेत्र में हजारों लोगों की मौजूदगी में विशाल जनसभा आयोजित की गई।
यह कार्यक्रम जुबीन गर्ग न्याय समिति की ओर से रायजोर दल के अध्यक्ष और शिवसागर के विधायक अखिल गोगोई के आह्वान पर आयोजित किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए गोगोई ने मामले के आरोपियों को जमानत मिलने की संभावना पर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शुक्रवार को आरोपियों को जमानत मिलती है, तो लोग मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के आवास की ओर मार्च करेंगे।
गोगोई ने विशेष रूप से श्यामकानु महंत और सिद्धार्थ शर्मा का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि उन्हें जमानत मिलती है, तो विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने संदीपन गर्ग और अमृतप्रभा महंत को दोबारा जेल भेजने की मांग भी उठाई।
सभा में वरिष्ठ गायक महेंद्र हजारिका, विद्युत सैकिया, ज्ञानश्री बोरा, बिकाश असम, मार्सेल बरुआ और शरत सौरव सहित कई कलाकारों और युवा प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। सभी ने जुबीन गर्ग को न्याय दिलाने की मांग को लेकर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम की शुरुआत महान गायक डॉ. भूपेन हजारिका की 15वीं पुण्यतिथि के अवसर पर उनके चित्र के सामने दीप प्रज्वलित करके की गई।