केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने 904.32 करोड़ रुपये की कथित बैंक धोखाधड़ी के मामले में Future Retail Limited, कारोबारी किशोर बियानी, उनके भाई राकेश बियानी और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

सीबीआई ने शुक्रवार को मुंबई में किशोर बियानी से जुड़े कई ठिकानों पर तलाशी भी ली। यह मामला भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शिकायत के आधार पर 4 नवंबर को दर्ज किया गया था।

सीबीआई के अनुसार, आरोप है कि आरोपियों ने SBI और नौ अन्य बैंकों के एक समूह से ऋण और क्रेडिट सुविधाएं हासिल करने के लिए आपराधिक साजिश रची। बैंक से मिले धन का इस्तेमाल उन उद्देश्यों के बजाय अन्य कामों में किए जाने का आरोप है, जिनके लिए ऋण मंजूर किया गया था।

जांच एजेंसी का आरोप है कि धन को सहयोगी कंपनियों और संबंधित इकाइयों के जरिए दूसरी जगह भेजा गया, जिससे बैंक को 904.32 करोड़ रुपये का कथित नुकसान हुआ।

मामले में अज्ञात सरकारी कर्मचारियों और अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। सीबीआई ने तलाशी के दौरान जांच से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद कर जब्त किए हैं।

एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि ऋण की रकम का अंतिम इस्तेमाल कहां हुआ और कथित साजिश में किन-किन लोगों की भूमिका थी। खबर लिखे जाने तक Future Retail की ओर से कोई तत्काल प्रतिक्रिया नहीं आई थी।