असम के उदालगुड़ी जिले के भेरगांव अनुमंडल के भारत-भूटान सीमा से सटे इलाकों में चोरी की लगातार हो रही घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। डिमाकुची, अटारीखाट, बामुनजुली और बोरंगाजुली समेत कई क्षेत्रों में चोरों के आतंक से लोग परेशान हैं।

कभी दिनदहाड़े बाइक, मवेशी और मोबाइल फोन चोरी किए जा रहे हैं, तो कभी रात के अंधेरे में स्कूलों को निशाना बनाया जा रहा है।

शुक्रवार की रात डिमाकुची स्थित शेखर शंकरदेव मिशन हायर सेकेंडरी स्कूल में चोरी की घटना सामने आई। चोरों ने स्कूल के मुख्य गेट का ताला तोड़कर परिसर में प्रवेश किया। इसके बाद प्रिंसिपल के कार्यालय समेत कई कमरों के दरवाजों के ताले तोड़कर अंदर रखे सामान चोरी कर लिए।

चोरी हुए सामानों में दो इन्वर्टर बैटरी, CCTV मॉनिटर समेत कई कीमती वस्तुएं शामिल हैं। चोरी हुए सामानों की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

इससे पहले भी डिमाकुची में चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कुछ दिन पहले शाम के समय एक बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन छीन ली गई थी। वहीं, डिमाकुची बाजार क्षेत्र से पिछले कुछ समय में कई दोपहिया वाहन भी चोरी हो चुके हैं।

पुलिस की मौजूदगी वाले डिमाकुची के मुख्य इलाके में भी बाइक चोरों और चेन स्नैचरों की बढ़ती गतिविधियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।