गुवाहाटी: कलाकार मानस रबिन ने जुबिन गर्ग की मौत के एक साल बाद भी न्याय की दिशा में खास प्रगति नहीं होने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने 22 नवंबर को गुवाहाटी के खानापाड़ा खेल मैदान में जनसभा आयोजित करने का आह्वान किया है।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मानस रबिन ने कहा कि असम में कोई भी व्यक्ति जुबिन गर्ग को नापसंद नहीं करता। उन्होंने कहा कि जुबिन गर्ग के लिए लोगों को एक बड़ा कदम उठाने की जरूरत थी, लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी सरकार, जनता या कलाकार समुदाय कुछ खास नहीं कर सका है।

मानस रबिन ने असम के सभी इलाकों के लोगों, खासकर युवाओं तथा कॉलेज और विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों से 22 नवंबर को खानापाड़ा पहुंचने की अपील की। उन्होंने लखीमपुर, धेमाजी, धुबरी, सदिया, कार्बी आंगलोंग और दीमा हसाओ समेत पूरे राज्य के लोगों से सभा में शामिल होने का आग्रह किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि जुबिन गर्ग को राजनीतिक मोहरा बना दिया गया है। मानस रबिन ने कहा कि राजनीति से जुड़े लोग कई बातें खुलकर नहीं कह सकते, जबकि इस सभा में बिना किसी डर या रुकावट के खुलकर चर्चा की जा सकेगी।

उन्होंने बताया कि सभा में आमने-सामने बैठकर चर्चा करने और जुबिन गर्ग के नाम पर कोई अच्छा काम करने के लिए कुछ निर्णय लेने की योजना है।

मानस रबिन ने स्पष्ट किया कि 22 नवंबर के कार्यक्रम के लिए अब तक प्रशासन से अनुमति नहीं मिली है। उनके अनुसार, अनुमति के लिए आवेदन दिया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि असम और जुबिन गर्ग से प्यार करने वाले लोगों के हित में प्रशासन को सभा की अनुमति देनी चाहिए।