नई दिल्ली, 8 नवंबर: दिल्ली में रविवार को हवा की गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रही। शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 376 दर्ज किया गया। धुंध की मोटी परत के कारण दृश्यता भी कम रही।

आंकड़े दर्ज करने वाले 59 निगरानी केंद्रों में से 12 पर हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में और 22 केंद्रों पर बहुत खराब श्रेणी में रही। जहांगीरपुरी में सबसे अधिक एक्यूआई 463 दर्ज किया गया।

दिल्ली का औसत एक्यूआई शनिवार के 369 से बढ़कर रविवार को 376 हो गया। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार, दिवाली समारोहों, वाहनों से होने वाले उत्सर्जन और पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने के चरम दौर के चलते सोमवार को हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंच सकती है। 9 नवंबर से कुछ दिनों तक यह स्थिति बने रहने का अनुमान है।

विशेषज्ञों के अनुसार, प्रतिकूल मौसम परिस्थितियां प्रदूषकों के फैलाव में बाधा डाल रही हैं। रविवार को पीएम2.5 प्रमुख प्रदूषक रहा और पटाखों के धुएं से कणों का स्तर बढ़ा।

दिल्ली की निर्णय सहायता प्रणाली के अनुमान के मुताबिक, रविवार को प्रदूषण में परिवहन क्षेत्र की हिस्सेदारी 19 प्रतिशत रहने की संभावना है। पराली जलाने का योगदान 3.5 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जबकि सोमवार को यह करीब 2.99 प्रतिशत रह सकता है।